उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है और गर्मी बढ़ने लगी है। पर्वतीय अंचलों में धूप और बादलों के बीच आंखमिचौली जारी है। मौसम विज्ञान विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार आज 7 मार्च शनिवार को राज्य के 3 सीमांत जिलों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश, बर्फबारी और आकाशीय बिजली चमकने का अलर्ट जारी किया गया है। बीते 6 दिनों से राज्य के सभी जिलों में मौसम शुष्क बना हुआ था। 8 मार्च रविवार को भी इन्हीं तीन पहाड़ी जिलों में मौसम खराब रहने वाला है, लेकिन राज्य के अन्य मैदानी और 4000 मीटर से कम ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में आज मौसम साफ रहेगा और लोग धूप का आनंद ले पाएंगे। अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा जबकि 12 मार्च तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहने वाला है। 8 मार्च को उत्तराखंड के तीन जिलों उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होगी। 9 मार्च को बारिश और बर्फबारी के लिहाज से दो और जिले जुड़ जाएंगे। इस दिन राज्य के उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के अलावा रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में कहीं-कहीं पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। 10 मार्च को भी बारिश और बर्फबारी का यही पैटर्न रहेगा. इस दिन उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट है।