RTI के अनुसार देहरादून मेयर गामा की संपत्ति में 10 गुना वृद्धि, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सीएम धामी से करी जांच की मांग

Share

देहरादून: मेयर सुनील उनियाल गामा की संपत्ति में दस गुना वृद्धि होने को लेकर प्रदेश की सियासत गरम है। कांग्रेस का आरोप है कि मेयर ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। इसको लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने प्रेस वार्ता की। इस दौरान माहरा मेयर की संपत्ति में हुई बेतहाशा वृद्धि को लेकर सुनील उनियाल पर जमकर बरसे। करन माहरा ने कहा कि आरटीआई में देहरादून मेयर गामा की आय से अधिक संपत्ति का खुलासा हुआ है। ऐसे में मेयर को जनता के सामने स्पष्टीकरण देना चाहिए। माहरा ने कहा सुनील गामा पर आरटीआई एक्टिविस्ट ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि, मेयर बनने से पहले उन्होंने कितनी संपत्ति दिखाई थी और मेयर बनने के साढ़े चार साल बाद ऑन पेपर उनकी संपत्ति दस गुना बढ़ गई है।

करन माहरा ने कहा यह भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति का मामला बनता है। ऐसे में सरकार को इसका संज्ञान लेना चाहिए। माहरा ने कहा इस संबंध में उनके माध्यम से मुख्यमंत्री को एक पत्र भी लिखा जा रहा है। पत्र में मुख्यमंत्री से इस मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक मेयर सुनील उनियाल गामा को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। बता दें कि मेयर सुनील उनियाल गामा की संपत्ति दस गुना बढ़ने पर कांग्रेस सवाल उठा रही है। गौरतलब है कि आरटीआई एक्टिविस्ट विकेश सिंह ने हाल ही में प्रेस वार्ता करते हुए देहरादून मेयर को लेकर कई खुलासे किए थे। उन्होंने मेयर पर अपने पद का दुरुपयोग करते हुए आय से अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने का भी आरोप लगाया था।