फूलों की घाटी में वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए लगाए 10 ट्रैप कैमरे, वन तस्करों पर रहेगी पैनी नजर

Spread the love

Valley of Flowers: विश्व धरोहर फूलों की घाटी जोशीमठ में वन्य जीवों की गतिविधियों और वन तस्करों पर नजर रखने के लिए वन विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। फूलों की घाटी में वन विभाग ने दस ट्रैप कैमरे लगाए हैं। घाटी और वन्य जीवों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग की ओर से इन कैमरों को लगाया गया है। इन कैमरों की मदद से वन्य जीवों की गणना भी की जाती है। भारी बर्फ के बीच 1 से 2 फीट बर्फ में कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग की 10 सदस्यीय टीम ने फूलों की घाटी के अलग-अलग लोकेशन पर 10 ट्रेप कैमरे लगाए हैं साथ ही समय समय पर गश्त की जा रही है।

घाटी शीतकाल में पर्यटकों के लिए बंद होने के बाद वन विभाग हर साल यहां कैमरे लगाने का काम करती है। विभागीय टीम यहां एक सप्ताह के लिए गई थी और टीम की ओर से अलग-अलग जगह पर 10 ट्रैक कैमरे लगाए गए हैं। टीम में वन दरोगा अनूप कुमार, जय प्रकाश, अजय रावत, मान सिंह, अरविंद कुंवर, नागेंद्र पंवार, सुनील चौहान सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। वहीं हेमकुंड साहिब से बहने वाली लक्ष्मण गंगा जमकर बर्फ में तब्दील हो गई है। हेमकुंड साहिब में बर्फबारी के बाद से ही तापमान लगातार नीचे जा रहा है। यहां का तापमान माइनस सात डिग्री तक पहुंच रहा है। यहां से बहने वाली लक्ष्मण गंगा जम गई है।