गढ़वाल लोक सभा सांसद और भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्त एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने आज जनपद चमोली के कर्णप्रयाग नगर में विभिन्न विकासात्मक एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने कर्णप्रयाग नगरपालिका परिषद के तत्वाधान में अलकनंदा एवं पिंडर नदी के पवित्र संगम पर स्थित दानवीर कर्ण मंदिर परिसर में स्थापित 100 फीट ऊँचे भव्य राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण किया। इस अवसर पर बलूनी ने कहा कि सैन्यभूमि उत्तराखंड की यह पावन धरती, जिसने देश को अनगिनत वीर सैनिक दिए हैं, उस वीरभूमि पर तिरंगे का यह भव्य स्वरूप प्रत्येक नागरिक के हृदय में राष्ट्रभक्ति और गर्व की भावना को और अधिक सशक्त करेगा।
उन्होंने कहा कि यह तिरंगा हमारे वीर जवानों के त्याग, बलिदान और समर्पण का जीवंत प्रतीक है तथा इसकी स्थापना से कर्णप्रयाग की पहचान और अधिक गौरवशाली बनेगी और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरणा मिलती रहेगी। सांसद बलूनी ने कर्णप्रयाग नगर में नवनिर्मित सेल्फी प्वाइंट का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह सेल्फी प्वाइंट स्थानीय नागरिकों एवं युवाओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनने के साथ-साथ कर्णप्रयाग आने वाले पर्यटकों को देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत एवं प्राकृतिक सुंदरता से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास नगर के सौंदर्यीकरण, पर्यटन संवर्धन एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।