उत्तराखंड से हिमाचल जाएंगे होमगार्ड के 1500 जवान..आदेश हुआ जारी, ये है वजह

Spread the love

Himachal Chunav: हिमाचल प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में सुरक्षा का जिम्मा उत्तराखंड के 1500 होमगार्डों पर होगा। हिमाचल प्रदेश शासन की ओर से उत्तराखंड शासन से होमगार्डों की मांग की गई है। सभी होमगार्ड आठ नवंबर को हिमाचल के लिए रवाना हो जाएंगे। 13 को सभी की वापसी होगी। चुनाव में ड्यूटी लगने वाले सभी होमगार्डों को इसके लिए सूचित किया गया है। हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। मतदान शांतिपूर्वक कराने के लिए हिमाचल प्रदेश शासन की ओर से उत्तराखंड शासन से पत्राचार कर सुरक्षा व्यवस्था के लिए होमगार्डों की मांग की गई थी।

इस पर उत्तराखंड शासन ने हिमाचल प्रदेश में चुनाव के लिए 1500 होमगार्डों को भेजने की अनुमति प्रदान की है। प्रदेश के सात जिलों से ये होमगार्ड आठ नवंबर को हिमाचल प्रदेश के लिए देहरादून और हरिद्वार से रवाना होंगे। इसके लिए सभी होमगार्डों को नोटिस जारी कर सूचना दी गई है। डिप्टी कमांडर जनरल होमगार्ड राजी बलोनी की ओर से सात जिलों के जिला होमगार्ड कमांडेंट को आदेश जारी किए गए हैं। आदेश में साफ कहा गया है कि जिन होमगार्डों की ड्यूटी चुनाव के लिए लगाई गई है, वे आठ नवंबर को हरिद्वार और देहरादून निर्धारित स्थान पर पहुंचे। यहां से वह हिमाचल प्रदेश की बस से रवाना होंगे। आदेश जारी किए हैं लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इन जिलों से जाएंगे होमगार्ड

  • देहरादून- 350
  • उत्तरकाशी- 200
  • टिहरी- 200
  • हरिद्वार- 350
  • पौड़ी- 100
  • नैनीताल- 150
  • ऊधमसिंह नगर- 150