देहरादून में पुलिस ने रिंग रोड स्थित एक रेस्टोरेंट पर छापा मारा। यहां अवैध रूप से शराब परोसी जा रही थी। पुलिस ने रेस्टोरेंट के दो संचालकों को गिरफ्तार किया है, जबकि शराब पी रहे 18 अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया। यह कार्रवाई दून पुलिस के ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत की गई।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर रायपुर पुलिस क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रिंग रोड पर स्थित ‘डेटिंग प्वाइंट रेस्टोरेंट’ में बिना लाइसेंस के ग्राहकों को शराब परोसी जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रेस्टोरेंट पर छापा मारा।
पुलिस ने मौके से रेस्टोरेंट संचालक विजेंद्र सिंह सजवान (47 वर्ष) और किशन सिंह (50 वर्ष) को गिरफ्तार किया। ये दोनों दून हिल कॉलोनी के निवासी हैं। जांच में सामने आया कि उनके पास शराब परोसने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था।पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध शराब और बीयर की बोतलें भी बरामद कीं। गिरफ्तार किए गए संचालकों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/68 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।