Uttarkashi Cloud Burst: धराली में बादल फटने से अब तक 4 की मौत 50 लोग लापता, गृहमंत्री शाह ने ली अपडेट

Spread the love

उत्तरकाशी जिले के हर्षिल घाटी में भारी बारिश से तबाही मची है। जहां धराली में खीर गाढ़ में जल सैलाब ने सब कुछ तबाह कर दिया है। इस आपदा में अभी तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। जबकि कई लोग घायल और लापता हैं। Uttarkashi Rain Flood मौके पर एनडीआरएफ की 4 टीमें और एसडीआरएफ की 3 टीमों के साथ ही कई अन्य दल भी आपदा में फंसे लोगों का रेस्क्यू कर रहे हैं। अभी तक 20 लोगों को सकुशल रेस्क्यू कर लिया गया है। वहीं इंडियन आर्मी के तरफ से बताया गया है कि हर्षिल स्थित भारतीय सेना शिविर से लगभग 4 किलोमीटर दूर धराली गांव के पास आज दोपहर लगभग 1:45 बजे हुए भूस्खलन के बाद भारतीय सेना के जवान बचाव अभियान में जुटे हुए हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तरकाशी धराली गांव में बादल फटने की घटना की पूरी जानकारी ली है। शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात की है और हरसंभव केंद्रीय सहायता का आश्वासन दिया है। गृह मंत्री ने गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ व अन्य राहत एजेंसियों को तुरंत कार्य करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आंध्र प्रदेश दौरा रद्द कर दिया है और वो शाम तक देहरादून पहुंच रहे हैं। सीएम लगातार आपदा प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों के साथ वार्ता कर रहे हैं। उत्तरकाशी का धराली गंगोत्री धाम का प्रमुख पड़ाव है। धराली में खीरगंगा नदी में विनाशकारी बाढ़ आई है। बताया जा रहा है कि बाढ़ के चलते 25 से अधिक होटल और होमस्टे बर्बाद हो गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार बड़ी संख्या में लोग बाढ़ के पानी में बहने के साथ ही मलबे में दबे हो सकते हैं।