Pithoragarh Accident: बागेश्वर सरयू तट पर एक साथ जली 7 चिताएं, अंतिम यात्रा में बिलखते रहे परिजन, हर आंख हुई नम

Share

पिथौरागढ़ बोलेरो हादसे में जान गंवाने वाले लोगों का अंतिम संस्कार किया गया। बागेश्वर के सरयू तट पर एक साथ सात चिताएं जली। यहां शामा के मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया। जबकि, भनार के तीन मृतकों में से एक की भनार और दो की अंत्येष्टि खीर गंगा नदी में की गई। वहीं, सेना के दो जवानों को सरयू नदी किनारे कौसानी से आई सेना की टुकड़ी ने अंतिम सलामी दी। बता दें कि बीती 22 जून को की सुबह होकरा मंदिर जाते समय शामा तेजम मोटर मार्ग में बोलेरो वाहन हादसे का शिकार हो गया था। इस हादसे में बागेश्वर जिले के शामा के 7 और भनार के 3 लोगों ने जान चली गई थी. इस हादसे में जान गंवाने वालों में सेना के दो जवान भी शामिल थे। पिथौरागढ़ प्रशासन ने पोस्टमार्टम कर सभी शवों को परिजनों को सौंप दिया था।

वहीं, सेना के जवान शंकर सिंह और सुंदर सिंह को कौसानी से नायब सूबेदार दीप चंद्र के नेतृत्व में आई टुकड़ी ने अंतिम सलामी दी गई। कपकोट विधायक सुरेश गड़िया, जिलाधिकारी अनुराधा पाल, पूर्व विधायक बलवंत सिंह भौर्याल और ललित फर्स्वाण, सैनिक कल्याण अधिकारी जीएस बिष्ट आदि ने सेना के जवानों को पुष्प चक्र अर्पित किए। इसके अलावा मृतक किशन सिंह, धरम सिंह, कुंदन सिंह, निशा, उमेश सिंह को भी श्रद्धांजलि दी गई। कपकोट विधायक सुरेश गड़िया ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार इस दुख की घड़ी में उनके साथ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से हर संभव मदद दिलाई जाएगी। साथ ही उन्होंने सड़क महकमे की गलती पर पूछे गए सवाल कहा कि जांच के आदेश दे दिए गए हैं, जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।