उत्तरकाशी जनपद के मोरी ब्लॉक अंर्तगत ग्राम फिताड़ी में देर रात अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव के करीब 5 से 6 लकड़ी के बहुमंजिले आवासीय भवन आग की चपेट में आ गए हैं, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। Uttarkashi House Fire ग्राम प्रधान एवं एसडीआरएफ टीम के कार्मिकों द्वारा दी गई सूचना के अनुसार आग पर काबू पाने के लिए एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय ग्रामीण संयुक्त रूप से लगातार प्रयास कर रहे हैं। टीमों द्वारा आग बुझाने का कार्य तेजी से जारी है, ताकि नुकसान को कम से कम किया जा सके। घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी मुकेश रमोला ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, वहीं किसी जनहानि की सूचना भी अभी तक सामने नहीं आई है। प्रशासन की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और सुरक्षित दूरी बनाए रखे।