देहरादून जिले के ऋषिकेश के शिवाजी नगर की गली नंबर 16 में एक तलाकशुदा महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शनिवार की रात 10 बजे की है जब महिला घर पर अकेली थी। तभी एक युवक बाइक से गली में आया और दरवाजा खटखटाया। Rishikesh Woman Murdered जैसे ही महिला ने दरवाजा खोला तो युवक ने जाली वाले दरवाजे से पिस्टल सटाकर गोली चला दी, जो सीधे महिला के सीने पर लगी। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आवाज सुनते ही लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े. लोगों ने देखा कि हमलावर मौके से भाग रहे हैं और घर के अंदर एक महिला लहूलुहान फर्श पर पड़ी हुई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस को तत्काल सूचना दी। सूचना के आधार पर कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि महिला का आठ साल का बेटा है जो अपने नाना के साथ रहता है। पुलिस के अनुसार, मकान मालिक ने किराये पर रह रही महिला का सत्यापन नहीं कराया था।
प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि प्रीति से शादी करने से पूर्व प्रीति एवं उसके परिजनों ने ऋषिकेश में संपत्ति लेने की बात सुरेश गुप्ता से कही थी। जिस कारण सुरेश गुप्ता ने लक्सर हरिद्वार स्थित अपनी सारी पैतृक संपत्ति 35 लाख में बेच दी थी। सुरेश प्रीति के साथ रहने के लिए ऋषिकेश में मकान ढूंढ रहा था, लेकिन 35 लाख में कोई अच्छी संपत्ति न मिलने के कारण सुरेश और प्रीति के बीच मनमुटाव बढ़ने लगा। जिससे सुरेश अवसाद में भी आ गया था। वहीं परिजनों ने हत्या के पीछे अलग कारण बताया है। प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने कहा कि परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी है कि आरोपी सुरेश प्रीति से शादी करने के लिए दबाव बना रहा था, जिसके चलते उसने अपनी पत्नी को भी तलाक दे दिया था। जब प्रीति ने शादी से इन्कार किया और उसकी बात नहीं मानी, तो उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया।