धर्मनगरी हरिद्वार में महापाप! कलयुगी बेटे ने बाप पर फावड़े से ताबड़तोड़ वार कर मार डाला

Spread the love

हरिद्वार जिले के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में एक कलयुगी बेटे ने फावड़ा मारकर अपने पिता को मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया। Son Murdered His Father सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के जिला शामली के गांव गुजरान बड़वा निवासी सलीम (62) परिवार के साथ मंगलौर कोतवाली क्षेत्र स्थित टांडा भनेड़ा-गाधारोना मार्ग पर एक भट्ठे पर ईंट पथाई का काम करते थे। सलीम के साथ उनकी पत्नी और बेटा मुजाहिर (18) भी ईंट पथाई का काम करतेे थे।

रविवार अलसुबह करीब तीन बजे वह पत्नी और बेटे के साथ ईंट पथाई कर रहे थे। इस बीच उन्होंने बेटे को ईंट की पथाई जल्दी-जल्दी करने की बात कही। इसे लेकर मुजाहिर की पिता से बहस हो गई। बहस के बीच गुस्साए मुजाहिर ने पिता के सिर पर फावड़े से ताबड़तोड़ हमला करके हत्या कर दी और फरार हो गया। शोर सुनकर पास में ही ईंट पथाई कर रहे अन्य लोग मौके पर पहुंचे और सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार व एसएसआई रफत अली समेत कई पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। ईंट भट्ठा मालिक जफरुद्दीन की तहरीर पर मुजाहिर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।