उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पारा चढ़ने लगा है। भाजपा ने कांग्रेस समेत अन्य दलों व संगठनों के लिए अपने दरवाजे खोले तो अब कांग्रेस भी भाजपा पर पलटवार की तैयारी में है। इस कड़ी में कांग्रेस अब भाजपा से जुड़े व कई निर्दलीय कद्दावर नेताओं को पार्टी में शामिल कराने की तैयारी में है। ये नेता शनिवार को दिल्ली में कांग्रेस का दामन थामेंगे। नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता की मौजूदगी में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, नारायण पाल, भीमलाल आर्य समेत छह नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई जाएगी। 2022 में रुद्रपुर से टिकट न मिलने से नाराज पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
वहीं, सितारगंज से पूर्व विधायक नारायण पाल ने बसपा में विभिन्न पदों पर कार्य किया है। फिर कांग्रेस में चले गए थे लेकिन 2022 में टिकट न मिलने से कांग्रेस भी छोड़ दी थी। चर्चा है कि पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, नारायण पाल, भीमलाल आर्य, रुड़की के पूर्व महापौर गौरव गोयल, मसूरी के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता व भीमताल से निर्दल चुनाव लड़ चुके लाखन नेगी को कांग्रेस अपने पाले में ला सकती है। ये शनिवार को दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हो सकते हैं। कांग्रेस का प्रयास इन सीटों पर स्थानीय समीकरण बदलने से चुनावी मुकाबला रोचक बनाने के साथ ही कांग्रेस की इन स्थानों पर पकड़ को मजबूत बनाना है।