उत्तराखंड में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। लगातार सड़क हादसे सामने आ रहे हैं। हादसों में आए दिन लोग जान गंवा रहे हैं। इसके बाद भी पुलिस-प्रशासन सड़क हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम नहीं उठा पा रही है। Tehri Road Accident इस बीच टिहरी जिले के जौनपुर ब्लाक के नैनबाग क्षेत्र में सुमन क्यारी के पास सेब से लदा पिकअप वाहन यमुना नदी किनारे गिर गया। हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिसमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को उपचार के लिए नैनबाग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया है। वहीं, एक व्यक्ति की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर विकासनगर के लिए रेफर कर दिया है।
कैंपटी थानाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत ने बताया कि हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ। विकासनगर सेब ले जा रहा एक पिकअप वाहन सुमन क्यारी के पास करीब 300 मीटर नीचे यमुना नदी किनारे गिर गया। हादसे के दौरान वाहन में चार लोग सवार थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य कर घायलों को निकाला। बताया जा रहा है कि दो लोग वाहन से पहले ही छिटक गये थे, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं, जिनका उपचार नैनबाग अस्पताल में चल रहा है। जबकि दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। नैनबाग अस्पताल के नर्सिंग आफिसर अभिषेक ने बताया कि हादसे में घायल सुल्तानू पुत्र बनासू लाल व विपिन पुत्र सेम सिंह की हालत गम्भीर बनी हुई है, जिन्हें 108 से देहरादून भेज दिया गया है।