चमोली के देवाल थाना क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें देवाल के अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। जहां से उन्हें श्रीनगर के लिए रेफर किया गया है। Car Falls Into Ditch In Chamoli मिली जानकारी के अनुसार, थानाध्यक्ष विनोद चोरिसया ने बताया कि गुरुवार को देवाल के चौड़ गांव से अलग-अलग परिवारों के कुछ महिलाएं और पुरूष मोपाटा गांवों में आयोजित एक शादी समारोह में भाग लेने गए थे। शादी समारोह से वापस अपने गांव चौड़ और कोटेड़ा के लिए तीन महिलाएं समेत 5 लोग बिना चालक के सड़क मार्ग पर खड़े इकोस्पोर्ट वाहन में सवार हो गए। इसी दौरान मोपाटा के रौल नामक तोक में वाहन ढालदार सड़क पर अपने आप चलने लगा और सीधे गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही मोपाटा गांव के ग्रामीण राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए और घायलों को खाई से निकालकर 108 की मदद से उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल पहुंचाया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। इस दर्दनाक हादसे में 38 वर्षीय बसंती देवी पत्नी कुंवर सिंह, 48 वर्षीय मोहिनी देवी पत्नी मान सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि इस दुर्घटना में घायल भजन सिंह पुत्र बादर सिंह उम्र 48 वर्ष की अस्पताल पहुंचने से पहले ही एंबुलेंस में मौत हो गई। हादसे में 65 वर्षीय खिलाप सिंह पुत्र नारायण सिंह और 19 वर्षीय ज्योति पुत्री गंगा सिंह गड़िया गंभीर रूप से घायल हो गए। ज्योति कोटेड़ा गांव की निवासी है। जबकि अन्य सभी चौड़ गांव के निवासी हैं।