देहरादून: बदरी केदार मंदिर समिति में हुई वित्तीय अनियमितताओं का मुद्दा चर्चाओं में चल रहा है। जिसमे बीजेपी-कांग्रेस के नेताओ के साथ अब आप के गढ़वाल मीडिया प्रभारी रविंदर आनंद भी कूद पड़े हैं। आप ने भाजपा और कांग्रेस को घोटाला-घोटाला खेलने का आरोप लगाया। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल पर बदरी केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष पद पर रहते हुए कई गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगे हैं. जिसके जवाब में गोदियाल ने अपनी सफाई दी और कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत पर जमकर निशाना साधा।
आम आदमी पार्टी ने इस मामले में दोनों पार्टियों पर निशाना साधा है। आप के गढ़वाल मीडिया प्रभारी रविंदर आनंद ने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों ही पार्टियां एक दूसरे के भ्रष्टाचार की पोल खोल रही है, लेकिन दोनों को जनता की दिक्कतों से कोई सरोकार नहीं है। इस वक्त प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क मार्ग बंद है, उसके बावजूद पहाड़ की जनता का दुख दर्द बांटने की बजाय भाजपा और कांग्रेस एक दूसरे की पोल खोल रही है। उन्होंने मामले में भाजपा और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यदि बीकेटीसी में घोटाला हुआ था तो भाजपा सरकार क्यों चुप रही ? वहीं, नर्सिंग भर्ती घोटाले में कांग्रेस ने इसका विरोध क्यों नहीं किया ? इससे प्रतीत होती है कि दोनों ही पार्टियां घोटाला-घोटाला खेलने में मस्त है।
आपको बता दे, कांग्रेस शासनकाल 2012 से वर्ष 2017 के बीच भारी वित्तीय अनियमितताएं करने के आरोप लगाये हैं। बीकेटीसी के सदस्य ने आरोप लगाए गए हैं कि 2012 से वर्ष 2017 में मंदिर समिति के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के कार्यकाल में मंदिर समिति में भारी गड़बड़ियां हुई हैं। सदस्य की शिकायत के आधार पर प्रभारी मंत्री धन सिंह ने मुख्य सचिव और धर्मस्व सचिव को पत्र लिखकर जांच के आदेश दिए। डिमरी ने आरोप लगाते हुए लिखा है कि वर्ष 2015 में मंदिर समिति के पैसों से जनपद टिहरी में एक सड़क बना दी गई। वहीं, 2015 में पोखरी में स्थित एक शिवालय का उनके द्वारा पुनर्निर्माण करवाया गया, जो मंदिर समिति के अधीन ही नहीं था। अब आप के गढ़वाल मीडिया प्रभारी रविंदर आनंद ने भाजपा और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए ये बयान दिया है।