राजनीति: आम आदमी पार्टी ने भाजपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। आप ने एक और परीक्षा घोटाले का अंदेशा जताया है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन समन्वयक जोत सिंह बिष्ट ने कहा कि जीरो टॉलरेंस की बात करने वाली भाजपा ने राज्य को भ्रष्टाचार के गर्त में डुबो दिया है। इसकी बुनियाद भाजपा ने राज्य निर्माण के साथ ही अपनी अंतरिम सरकार के कार्यकाल में ही डाल दी थी।
उन्होंने कहा कांग्रेस और भाजपा ने मिलकर प्रदेश में भ्रष्टाचार को पनपने दिया। राज्य के बेरोजगार नौजवानों के अधिकारों पर डाका डाला। जोत सिंह बिष्ट ने कहा राज्य में जो योग्य नौजवान थे, और जो वास्तव में इन नौकरियों के हकदार थे, भाजपा और कांग्रेस की सरकारों में बैठे लोगों ने वह नौकरी अपात्रों को बेचा।उन्होंने सवाल उठाया क्या भाजपा की सरकार और कांग्रेस पार्टी दोनों मिलकर उत्तराखंड के नौजवानों को मिलने वाली नौकरियां लौटा सकती हैं।
वहीं उन्होंने कहा 2006 से 2021 में विभिन्न विभागों की 16 भर्ती परीक्षाओं की टेस्ट और सलेक्शन कमेटी के समन्वयक रहे पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय से सेवानिवृत्त अधिकारी दिनेश चंद्र जोशी की अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षाओं के पेपर लीक के मामले में गिरफ्तारी एक और परीक्षा घोटाले की तरफ मजबूत इशारा कर रही है। पार्टी ने मांग उठाई है कि राज्य सरकार सभी मामलों की जांच हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता वाली कमेटी से करवाई जाए।