जोशीमठ: आपदा प्रभावित लोगों की मदद के लिए अपर मुख्य सचिव ने की कर्मचारियों से की ये अपील, अकाउंट नंबर जारी

Spread the love

Joshimath Sinking: उत्तराखंड के जोशीमठ में भू धंसाव के कारण कई परिवार आपदा की चपेट में आए हैं। राज्य सरकार द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे हैं ताकि वहां रह रहे लोगों को राहत मिल सके, साथ ही राज्य सरकार द्वारा लोगों के रहने, खाने पीने की व्यवस्था सुचारू ढंग से चल सके इसको लेकर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने सचिवालय सेवा उत्तराखंड शासन के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जोशीमठ क्षेत्र के अन्तर्गत आयी प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता हेतु मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान करने की अपील की है। अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने सचिवालय सेवा के सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को संबोधित करते हुए एक पत्र लिखा है।

पत्र में अपेक्षा की है कि वर्तमान में जनपद चमोली के जोशीमठ क्षेत्र के अन्तर्गत आयी प्राकृतिक आपदा से आम जनमानस का जीवन प्रभावित हुआ है। आपदा की इस घड़ी में सभी का परम नैतिक कर्तव्य है कि आपदा से प्रभावित जनमानस को सहायता देने के लिये, आर्थिक सहयोग करने एवं सरकार द्वारा किये जा रहे राहत कार्यों में सहयोगी बनें। सहायता धनराशि मुख्यमंत्री राहत कोष, उत्तराखंड के भारतीय स्टेट बैंक, सचिवालय शाखा, देहरादून में संचालित खाता संख्या- 30395954328, IFSC Code-SBIN 0010164 में जमा की जा सकती है। इसके अलावा कई अन्य सामाजिक और गैर सरकारी संगठन भी जोशीमठ में आई इस मुसीबत के समय मदद के लिए आगे आये हैं। जो जैसे संभव हो सकता है वैसे जोशीमठ को मदद कर रहा है।