हरिद्वार पंचायत चुनाव में 60 घंटे बाद सभी परिणाम घोषित, जिला पंचायत की 14 सीटों पर भाजपा का कब्जा, कांग्रेस पांच पर सिमटी

Share

Haridwar Panchayat Chunav: हरिद्वार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना शुक्रवार को तीसरे दिन पूरी हो गई। भाजपा ने सबसे अधिक 14 सीटों पर जीत दर्ज की है। राज्य गठन के बाद जिला पंचायत चुनाव में पहली बार भाजपा ने बेहतर प्रदर्शन किया है। बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस को करारा झटका लगा है। बसपा 6 और कांग्रेस 5 सीटों पर सिमट गई है। पहली बार चुनाव मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी और राष्ट्रीय लोकजन पार्टी ने एक-एक सीट जीतकर खाता खोला है। जबकि 17 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों का दबदबा रहा है।

12 घंटे में पंचायत चुनाव के परिणाम घोषित करने का दावा करने वाला जिला प्रशासन मतगणना के करीब 60 घंटे बाद जिला पंचायत की 44 सीटों के परिणाम घोषित कर पाया। ग्राम प्रधान और बीडीसी के भी परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इस पंचायत चुनाव में बसपा और कांग्रेस को जहां झटका लगा है, वहीं निर्दलीय और भाजपा को बढ़त हासिल हुई है। ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य की 4305 सीटों पर 8791 प्रत्याशियों के भाग्य के फैसले को सोमवार को साढ़े आठ लाख से अधिक मतदाताओं ने वोट डाले थे।

हरिद्वार जिला पंचायत चुनाव के नतीजे आते ही भाजपा ने चुनाव जीते बसपा और निर्दलियों सदस्यों में सेंध लगानी शुरू कर दी। चुनाव जीतने के बाद एक बसपा और पांच निर्दलीय सदस्य प्रदेश पार्टी कार्यालय पहुंचे और पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री व हरिद्वार के सांसद डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि कई और निर्दलीय हमारे संपर्क में हैं और भाजपा पहली बार जिला पंचायत में अपना बोर्ड बनाने जा रही है। वहीं, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पंचायत चुनाव में मिली जीत को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि जनता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के किए विकास कार्यों पर मुहर लगाई है।