उत्तराखंड को जल्द ही पहला खेल विश्वविद्यालय मिलने जा रहा है। इसके लिए सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश सरकार ने विशवविद्यालय के पहले कुलपति और कुल सचिव की नियुक्ति कर दी है। Uttarakhand Sports University इसके साथ ही खेल मंत्री रेखा आर्या ने विश्वविद्यालय स्थापना के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रीय खेल दिवस पर 29 अगस्त को विश्वविद्यालय के शिलान्यास की तैयारी की जा रही है। विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए तमाम प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए यह पदेन नियुक्तियां की गई है।राज्य सरकार ने हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय बनाने का निर्णय लिया है। इस निर्णय के तहत आगामी राष्ट्रीय खेल दिवस यानी 29 अगस्त को खेल विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए शिलान्यास किया जाएगा है। इसके साथ ही राज्य सरकार ने प्रदेश भर में 23 खेल अकादमी खोलने का भी निर्णय लिया है।
उत्तराखंड राज्य क्रीडा विश्वविद्यालय विधेयक, 2025 के संचालन के लिए तीन पदों का सृजन किया गया है। खेल विश्वविद्यालय के लिए तीन पदों के सृजन के बाद ही उत्तराखंड शासन ने अस्थाई रूप से कुलपति, कुल सचिव और वित्त नियंत्रक की नियुक्ति कर दी है। इस नियुक्ति को लेकर उत्तराखंड शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, इन पदों पर नियमित पदाधिकारी की नियुक्ति होने या फिर अधिकतम एक साल के लिए अस्थाई नियुक्ति की गई है। वहीं, खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए तमाम प्रशासनिक कामों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए ये पदेन नियुक्तियां की गई हैं। खेल मंत्री ने कहा कि तीनों पदाधिकारी शुरुआत में विश्वविद्यालय की गतिविधियों को संचालित करेंगे। ये अस्थाई नियुक्तियां स्थाई पदाधिकारियों के नियुक्त होने तक या अधिकतम 1 साल तक के लिए की गई है।