अल्मोड़ा में 15 हज़ार की रिश्वत लेते रंगे हाथ अकाउंटेंट गिरफ्तार, इस एवज में मांग रहा था घूस

Spread the love

अल्मोड़ा जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति धरातल पर नजर आई है। सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की टीम ने विकास खंड लमगड़ा के ब्लॉक कार्यालय में तैनात अकाउंटेंट हर सिंह बिष्ट (हरीश सिंह बिष्ट) को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। Almora Accountant Arrest With Bribe शिकायतकर्ता ने विजिलेंस से शिकायत की थी कि उससे टेंडर की एफडीआर रिलीज करने के बदले पैसे की मांग की जा रही है। लेखाकार हर सिंह बिष्ट उर्फ हरीश सिंह बिष्ट निवासी बांसमीड़ा पर लगे आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर विजिलेंस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। शिकायतकर्ता का शौचालय निर्माण के लिए 3 लाख रुपये का टेंडर स्वीकृत हुआ था। इससे जुड़ी एफडीआर रिलीज कराने के नाम पर आरोपी लेखाकार लगातार पैसों की मांग कर रहा था। बिना पैसे दिए फाइल आगे नहीं बढ़ाने की बात कह रहा थी। मामले से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस टीम हल्द्वानी में शिकायत की। शिकायत की पुष्टि के बाद सतर्कता टीम ने पूरा जाल बिछा आरोपी को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। बता दें कि इससे पहले बीती 28 मार्च को अल्मोड़ा के ही जागेश्वर क्षेत्र में वन विभाग के एक वन दरोगा को विजिलेंस की टीम ने 25,500 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।