अंकिता भंडारी केस: सुरेश राठौर के घर चस्पा किया नोटिस, उर्मिला सनवर के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी

Spread the love

उत्तराखंड की राजनीति में इस वक्त अंकिता भंडारी केस से जुड़ी एक कथित कंट्रोवर्सी ने खलबली मचा रखी है। कंट्रोवर्सी के बाद जहां कांग्रेस, बीजेपी पर हमलावर होती दिख रही है तो वहीं बीजेपी थोड़ी असहज नजर आ रही है। Ankita Bhandari Murder Case हालांकि, बीजेपी की तरफ से भी जवाब दिए जा रहे हैं, लेकिन मामला थमने के बजाय बढ़ता ही जा रहा है। केस से जुड़े ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद एक्ट्रेस उर्मिला सनावर और पूर्व विधायक सुरेश राठौर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जहां शुक्रवार को कोर्ट से उर्मिला के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए गए, वहीं देहरादून पुलिस ने आरोपी सुरेश राठौर के घर नोटिस चस्पा किए गए। गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने उर्मिला सनावर और निष्कासित पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की तलाश तेज कर दी है। पुलिस का दावा है कि दोनों ही आरोपी लंबे समय से जांच से बच रहे हैं और नोटिस के बावजूद थाने में पेश नहीं हुए। ऐसे में उनकी गिरफ्तारी किसी भी समय की जा सकती है।

सुरेश राठौर को बार-बार थाने में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया था, लेकिन उसने पुलिस को कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत उसके घर पर नोटिस चस्पा किया। अब देहरादून पुलिस की कार्रवाई के बाद यह माना जा रहा है कि जल्द ही आगे की सख्त कार्रवाई की जा सकती है। इधर, इसी मामले से जुड़ी अभिनेत्री उर्मिला सनावर भी पुलिस कार्रवाई से बचती नजर आ रही हैं। बुधवार को बहादराबाद पुलिस ने उनके आवास पर नोटिस चस्पा किया था। इसके अगले ही दिन बृहस्पतिवार को झबरेड़ा और ज्वालापुर पुलिस ने भी उर्मिला सनावर के घर पर नोटिस चिपकाए। तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों से नोटिस जारी होने के बावजूद उर्मिला सनावर भी अब तक पुलिस के समक्ष पेश नहीं हुई हैं और वह भी भूमिगत बताई जा रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि नोटिस के बावजूद संबंधित लोग पेश नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।