अंकिता भंडारी मर्डर केस में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की ओर से कार्रवाई तेज हो गई है। सीबीआई ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की है। Ankita Bhandari CBI Investigation पुष्कर सिंह धामी सरकार ने अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले की जांच सीबीआई को हस्तांतरित करने का निर्णय लिया था। सीबीआई की टीम देहरादून और ऋषिकेश पहुंच चुकी है, ताकि मामलों के सबूत इकट्ठा किए जा सकें और विस्तृत पूछताछ की जा सके। दरअसल, ये पूरा मामला पूर्व विधायक की कथित पत्नी उर्मिला सनावर के सोशल मीडिया पर जारी वीडियो के बाद ही शुरू हुआ। भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी ने फेसबुक लाइव आकर खुलासा किया था। इस वीडियो में महिला ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी गट्टू का जिक्र किया। साथ ही एक ऑडियो का भी जिक्र किया जिसमें कहा कि पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पास पूरी जानकारी है। इसके बाद से ही इस मामले ने तूल पकड़ लिया। इस मामले के फिर से चर्चा में आते ही कांग्रेस समेत कई संगठनों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया था। जिसके बाद से सीबीआई जांच की मांग की जा रही है। इसे लेकर नौ जनवरी को सीएम धामी ने इस मामले में सीबीआई जांच की संस्तुति कर दी थी।