अंकिता भंडारी हत्याकांड में अपने बयानों को लेकर राज्य में सियासी और प्रशासनिक हलचल मचाने वाली फिल्म अभिनेत्री उर्मिला सनावर आखिरकार देहरादून पहुंच गई हैं। Urmila Sanwar Video फिल्म एक्ट्रेस उर्मिला सनावर ने अंकिता प्रकरण में कथित ‘वीआईपी’ का खुलासा करते हुए बातचीत से जुड़े ऑडियो को लेकर वीडियो जारी कर दिए। फिर क्या उत्तराखंड की सियासत में ऐसा भूचाल आया कि जो बीजेपी और सरकार के संभले नहीं संभल रहा है। इस मुद्दे को विपक्ष ने लपकते हुए सरकार को चौतरफा घेरना शुरू कर दिया। उधर, मामले पर जनता भी सड़कों पर आ गई। विपक्षी दल समेत तमाम सामाजिक संगठन प्रदर्शन करते हुए अंकिता हत्याकांड में सीबीआई जांच की मांग को लेकर सीएम आवास कूच कर दिया। इधर, सुरेश राठौर और उर्मिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया। जिसके बाद से ही दोनों अंडरग्राउंड हो गए।
बताया जा रहा है कि उर्मिला सनावर दिल्ली से देहरादून दर्शन भारती के आश्वासन पर पहुंची हैं। हालांकि, एसआईटी से जुड़े सूत्रों ने फिलहाल यह स्पष्ट किया है कि आज न तो पूछताछ होगी और न ही कोई बयान दर्ज किया जाएगा। इस बीच, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार का रुख पूरी तरह स्पष्ट कर दिया। सीएम धामी ने दो टूक कहा कि “अपराधी कोई भी हो, कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे छोड़ा नहीं जाएगा।” उन्होंने यह भी कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जांच में किसी तरह की ढिलाई या दबाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उर्मिला सनावर की देहरादून वापसी और एसआईटी की संभावित जांच शुरू होने के साथ ही एक बार फिर यह मामला सुर्खियों में आ गया है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और अभिनेत्री से कब व किस स्तर पर पूछताछ होती है।