एआरटीओ आनंद जायसवाल गिरफ्तार, चालान की राशि में की थी 29 लाख की हेराफेरी

Share

देहरादून: विजिलेंस की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। भ्रष्टाचार के मामले में फंसे ARTO आनंद जायसवाल पर गाज गिर गई। विजिलेंस की टीम ने ARTO आनंद जायसवाल को गिरफ्तार किया। ARTO आनंद जायसवाल के खिलाफ साल 2017 में धारा 420, 467, 468, 471 और 409 IPC सहित 13 (1) read with 13 (2) act के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में आज विजिलेंस की टीम ने ARTO आनंद जायसवाल को गिरफ्तार किया।

आरोप है कि ARTO आनंद जायसवाल जुर्माने की धनराशि विभागीय बुक में कम लिखते थे। जबकि जुर्माना कई गुना ज्यादा वसूला जाता था। इस मामले की भनक लगते ही उनको रंगे हाथ पकड़ा गया था। उसके बाद से ही विजिलेंस की विवेचना चल रही थी और कार्रवाई पूरी होते ही विजिलेंस ने ARTO आनंद जायसवाल को देहरादून परिवहन मुख्यालय से गिरफ्तार किया है।

एसपी विजिलेंस धीरेंद्र गुंज्याल ने बताया कि आनंद जायसवाल ने 2017 में ऋषिकेश में एआरटीओ रहते चालान की राशि में 29 लाख की हेराफेरी की थी। तब इस मामले में उन पर मुकदमा दर्ज किया गया था। उसके बाद जायसवाल को परिवहन मुख्यालय से अटैच कर दिया था। आज जायसवाल को मुख्यालय से ही गिरफ्तार किया गया है। गुरुवार को उन्हें विजिलेंस कोर्ट में पेश किया जाएगा।