Avalanche Alert: अगले 24 घंटे उत्तराखंड के इन चार जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी, प्रशासन अलर्ट

Spread the love

Avalanche Warning Uttarakhand: भारतीय मौसम विभाग ने उत्तराखंड में अगले 24 घंटों में हिमस्खलन की संभावना जाहिर की है। IMD अलर्ट में कहा गया है कि, उत्तराखंड के चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में हिमस्खलन की संभावना जताई गई है। बता दें, उत्तराखंड का मौसम इन दिनों बिगड़ा हुआ है। मौसम विभाग ने गुरुवार को ये चेतावनी जारी की है। 3000 मीटर से ऊपरी इलाकों में एवलांच का खतरा ज्यादा है। इसे लेकर SDRF, NDRF और जिला प्रशासन को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। हिमस्खलन के अलर्ट को देखते हुए एक हेलीकॉप्टर भी स्टैंड बाय पर रखा गया है, ताकि लोगों तक आसानी से राहत सामग्री पहुंच सके।

बता दे, उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मैदान से लेकर पहाड़ तक मौसम कड़ी परीक्षा ले रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ‘देवभूमि’ के लोगों को कई मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले हफते उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ में भारी बारिश के साथ बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था। अब नई मुसीबत की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया था, कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बारिश के साथ ही बर्फबारी होने से मैदान से लेकर पहाड़ तक शीतलहर लोगों को परेशान किए हुए है। इसके अलावा, पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और हिमस्खलन का खतरा बना हुआ है। जिसे देखते हुए सरकार और प्रशासन को सतर्क रहने की आवश्यकता है। दूसरी ओर, मौसम के बदले मिजाज के चलते पर्वतीय इलाकों के साथ मैदानों में बारिश हुई।