International Yoga Day 2022: आज 8वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस है। इस मौके पर दुनियाभर में लोग योग का अभ्यास कर रहे हैं। योग दिवस पर हर साल नई थीम रखी जाती है, जिसे लेकर लोग काफी एक्साइटेड होते हैं। आयुष मंत्रालय की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस साल ‘योगा फॉर ह्यूमैनिटी’ थीम चुनी गई है। जिसका मतलब है मानवता के लिए योग। इस साल इसी थीम को ध्यान में रखते हुए पूरी दुनिया में योग दिवस मनाया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग गुरु रामदेव ने हरिद्वार में योग कर रहे अभ्यास बा रामदेव के साथ बड़ी संख्या में बच्चे और अन्य लोगों ने भी योग किया। सुबह पांच बजे कार्यक्रम का शुभारंभ ओंकार मंत्रोच्चार और स्रोत वाचन से हुआ। योग सत्र के दौरान योगगुरु ने सरकार की ओर से निर्धारित योगा प्रोटोकॉल के तहत आसन अभ्यास कराया। उन्होंने सूक्ष्म व्यायाम का अभ्यास कराया। इसमें कंधों, घुटनों के व्यायाम शामिल रहे।
बाबा रामदेव भारतीय योग-गुरु हैं। उन्होंने योगासन व प्राणायाम योग के क्षेत्र में योगदान दिया। रामदेव जगह-जगह स्वयं जाकर योग-शिविरों का आयोजन करते हैं। इन शिविरों में प्राय: हर सम्प्रदाय के लोग आते हैं। रामदेव अब तक देश-विदेश के करोड़ों लोगों को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से योग सिखा चुके हैं। भारत में योग को घर-घर तक पहुंचाने वाले बाबा रामदेव ने बड़ी संख्या में मौजूद लोगों के साथ हरिद्वार में योग किया। आसनों में मुख्य रूप से वृक्षासन, भुजंगासन, शशकासन, प्राणायाम में अनुलोम विलोम आदि का अभ्यास कराया। विशेष सत्र में रोगानुसार योग की प्रस्तुति दी। इस दौरान योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण आदि मौजूद रहे। कोरोना महामारी के चलते पिछले दो साल से अंतरराष्ट्रीय योगा दिवस वर्चुअल रूप से मनाया जा रहा था लेकिन आज देश की जनता ने बढ़-चढ़कर योग कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया।
देवभूमि उत्तराखंड में इस बार योग दिवस खास है। यहां तीन केंद्रीय मंत्रियों ने योग किया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर नैनीताल, केदारनाथ धाम एवं हर की पैड़ी पर विशेष आयोजन किया गया। नैनीताल में मल्लीताल फ्लैट्स मैदान में केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल, केदारनाथ में केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी राज्यमंत्री डा.संजीव कुमार बालियान और हरकी पैड़ी में केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री गिरिराज सिंह ने योग किया। बता दे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 सितंबर 2014 को संयुक्त महासभा में दुनियाभर में योग दिवस मनाने का आह्वान किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्ताव को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने स्वीकार कर लिया। 11 दिसंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का ऐलान किया।