उत्तराखंड में बिगड़ा मौसम! पहाड़ों पर बारिश से लुढ़का पारा, आज भी अलर्ट जारी

Spread the love

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है। पहाड़ों से लेकर निचले इलाकों में भी बादलों ने डेरा डाल दिया है और दिनभर वर्षा के आसार बने रहे। मौसम के करवट लेने से प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में पारे में गिरावट दर्ज की गई। Uttarakhand Weather Forecast साथ ही देर रात तक चोटियों पर हिमपात और निचले क्षेत्रों में वर्षा की संभावना बनी रही। मौसम विज्ञान विभाग देहरादून द्वारा जारी आज का ताजा बुलेटिन राहत देने वाला है। पूर्वानुमान के अनुसार खराब मौसम का दायरा सिमटने वाला है। मौसम विभाग ने कल 5 जिलों में अलर्ट था जो आज घटकर केवल 3 जिलों तक रह गया है। वही वर्षा और बर्फबारी यानी गीला और सर्द मौसम का दौर बस आज तक है। जारी पूर्वानुमान के अनुसार कल यानी 20 फरवरी से पूरे प्रदेश में मौसम फिर से सुहाना होने जा रहा है।

पश्चिमी विक्षोभ का असर राज्य के इन 3 जनपदों बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ पर आज भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार इन तीन जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा और बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग का यह अलर्ट केवल 3300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों के लिए है। बुधवार को अचानक बदले मौसम ने प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में ठंडक लौटा दी। केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के साथ-साथ हेमकुंड साहिब में भी हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। केदारनाथ धाम में करीब 6 इंच तक ताजा हिमपात हुआ, जिससे पूरा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। पहाड़ी जनपदों में शीत लहर का असर बढ़ा, जबकि निचले इलाकों में भी बादल छाए रहने से तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई।