देहरादून: 15 जनवरी तक FRI में पर्यटको की आवाजाही पर रोक, बच्चों के साथ घूम रही मादा गुलदार

Spread the love

Dehradun: उत्तराखंड के पर्यटक स्थल वन अनुसंधान संस्थान परिसर (FRI) को एक बार फिर पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि 29 दिसंबर से 15 जनवरी तक एफआरआई में पर्यटकों को प्रवेश नहीं मिलेगा। जिसके आदेश जारी किए गए है। FRI में पिछले कई दिनों से मादा गुलदार अपने बच्चों के साथ दिख रही है, जिससे संस्थान में दहशत का माहौल बना हुआ है। सुरक्षा को देखते हुए संस्थान के रजिस्ट्रार ने 15 जनवरी तक परिसर में पर्यटकों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।

रजिस्ट्रार एसके थॉमस ने मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक को पत्र लिखकर परिसर के जंगलों में घूम रही मादा गुलदार को बच्चों समेत पकड़कर संस्थान से बाहर जंगल में छोड़ने की अपील की है। बता दें कि वन अनुसंधान संस्थान में काफी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक घूमने आते हैं। कई लोगों ने मादा गुलदार को बच्चों के साथ परिसर के आसपास घूमते देखा है। गनीमत रही कि अब तक मादा गुलदार ने किसी भी व्यक्ति पर हमला नहीं किया है। इसकी जानकारी संस्थान के निदेशक और रजिस्ट्रार को मिली तो उन्होंने एहतियाती कदम उठाते हुए उक्त फैसला लिया।