तीन दिवसीय दौरे पर हल्द्वानी पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक

Spread the love

हल्द्वानी: बीजेपी राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय तीन दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंच चुके हैं। उनका शुक्रवार शाम हल्द्वानी पहुंचने का कार्यक्रम था। किसी कारणवश वह शुक्रवार को नहीं पहुंच पाए। आज शनिवार को वह हल्द्वानी पहुंचे। हल्द्वानी पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने हल्द्वानी स्थित पूर्वी मंडल में बूथ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। फिर वह लालकुआं विधानसभा के अंतर्गत गौजाजाली (पूर्वी मंडल) में बूथ बैठक में शामिल होंगे। इसमें वह फीडबैक लेने के साथ कठिनाइयों को भी जानने का प्रयास करेंगे।

आगामी लोकसभा चुनावों को देखते हुए उनके दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बूथ स्तर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ साथ अन्य अधिकारी भी बैठक कर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के उत्साह को बढ़ाते हैं। इसी के तहत बूथ स्तर से लेकर मंडल और प्रबुद्ध जन सम्मेलन तक की बैठक ले रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आगामी लोकसभा और निकाय चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में अभी से कार्यकर्ता लोगों के घरों पर जाकर मुलाकात कर पार्टी की उपलब्धियां और सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को जनता तक पहुंचाएं।