Uttarakhand Politics : कांग्रेस को बड़ा झटका देने की तैयारी में भाजपा, कांग्रेस बोली- संपर्क में तो हमारे भी हैं

Spread the love

Dehradun: प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन पर हमलावर कांग्रेस को भाजपा बड़ा झटका देने की तैयारी में है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इसके संकेत दिए हैं। प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कार्मिकों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में दिखाई देगा कि बड़ी संख्या में कांग्रेस के लोग भाजपा में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ वार्ता चल रही है और वो जल्द ही भाजपा की सदस्यता लेंगे।

भारत जोड़ो यात्रा’ के साथ ही कांग्रेस नेता इन दिनों प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन को निशाने पर लिए हुए हैं। वे तमाम विषयों पर सरकार व भाजपा को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे। इसे कांग्रेस की विधानसभा के आगामी सत्र की तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता का कहना है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की वजह से भाजपा बौखला गई है, क्योंकि भारत जोड़ो यात्रा को जनता का अपार समर्थन मिल रहा है और इससे साबित हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी की पोल खुल गई है। कांग्रेस प्रवक्ता का कहना है कि जिस प्रकार से भारतीय जनता पार्टी के पेट में मरोड़ उठ रही है, वह भारत जोड़ो यात्रा की सफलता की कहानी अपने आप में कहती है।