मोदी-धामी के जन्मदिन पर भाजपा चलाएगी सेवा अभियान, धार्मिक स्थलों और गंगा किनारे दीप जलाएगी महिला मोर्चा

Share

Uttarakhand BJP: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर भाजपा उत्तराखंड को आदर्श राज्य बनाने का संकल्प लेगी और सेवा अभियान चलाएगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट कई जिलों के प्रवास पर रहेंगे और कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उन्होंने सभी प्रभारी मंत्रियों को अपने जिलों में जाकर कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को प्रदेश पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि पार्टी 16 सितंबर को मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिन को संकल्प दिवस के रूप मनाएगी।

युवा मोर्चा संकल्प दौड़ का आयोजन करेगा, महिला मोर्चा नदी-तटों पर संकल्प दीप जलाएगा। देहरादून, हल्द्वानी, रुद्रपुर, काशीपुर, कोटद्वार में गोष्ठियां होंगी, जिनमें आदर्श उत्तराखंड और मुख्यमंत्री के जीवन वृत्त पर चर्चा होगी। इन सभी कार्यक्रमों में सांसद, विधायक, पार्टी से जुड़े सभी जनप्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। सभी जिलों में होर्डिंग्स लगाए जाएंगे। भट्ट ने बताया कि सीएम धामी और प्रधानमंत्री मोदी, राज्य के 25 साल पूरे होने तक उत्तराखंड को अग्रणी प्रदेश बनाने के विजन के साथ जुटे हैं। उनके कार्यों से जनता के मन में भी राज्य के नई ऊंचाई पर पहुंचने का विश्वास कायम हुआ है।

उन्होंने कहा कि सरलीकरण, समाधान से संतुष्टि हो या सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास, भ्रष्टाचार मुक्त राज्य का सपना, सख्त भू-कानून, यूनिफार्म सिविल कोड और जनकल्याणकारी योजनाएं, ये सभी मुद्दे सीएम धामी की पहचान बन गए हैं। भट्ट ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी बनाना, यूकेएसएसएससी की रिक्तियों को लोक सेवा आयोग से पूर्ण कराना, पुलिस ग्रेडपे का समाधान निकालने पर संगठन भी सीएम को धन्यवाद ज्ञापित करेगा।

भट्ट ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन प्रदेशभर में सेवा पखवाड़े के रूप में मनाएंगे। इसके तहत 17 सितंबर को विकास कार्यों की प्रदर्शनी, 18 को डेढ़ लाख बधाई संदेश, 19-20 को स्वच्छता कार्यक्रम चलेगा। 21-22 सितंबर को पौधरोपण अभियान, 23 को नौलों, धारों, जलस्रोतों के पूजन का कार्यक्रम, 24 को छह नगर निगम क्षेत्रों में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन, 25 को पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती, 27 को दिव्यांगों को कृत्रिम अंग वितरण, 28 को स्वास्थ्य परीक्षण, 29 व 30 सितंबर को विविधता में एकता उत्सव होंगे।