उत्तराखंड: होली के बाद BJP कार्यकर्ताओं को मिलेगी दायित्वों की सौगात, देरी पर कांग्रेस ले रही चटकारे

Share

Uttarakhand Politics News: प्रदेश में माननीय बनने के सपने संजोए नेताओं के लेकर सियासत तेज हो गई है। विभिन्न निगमों, प्राधिकरणों व आयोगों में मंत्री पद का दर्जा मिलने की आस कई नेता लगाए हुए हैं। वहीं भाजपा के नेताओं को सरकार की तरफ से दायित्व बांटे जाने का लंबे समय से इंतजार है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का कहना है कि होलाष्टक की वजह से फिलहाल लिस्ट जारी नहीं हुई है। लिस्ट पूरी तरह से बनकर तैयार है। ग्रह, नक्षत्र और अच्छे दिन को देखकर होली के एक या दो दिन बाद दायित्वों का बंटवारा कर दिया जाएगा।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है कि वह कितने लोगों को दायित्व देंगे। महेंद्र भट्ट ने कहा इतना जरूर है कि दायित्व बांटने में थोड़ी सी देरी हुई है। हम इस कोशिश में थे कि इस महीने के शुरुआत में ही दायित्वों का बंटवारा कर दिया जाए, लेकिन, भारतीय जनता पार्टी ग्रह, नक्षत्र और अच्छे दिन को देखकर ही अच्छा काम करती है। ऐसे में जैसे ही होलाष्टक समाप्त होंगे वैसे ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दायित्वों का ऐलान कर देंगे।

दायित्व बंटवारे पर चर्चा गर्म होते ही कांग्रेस ने भी इस मामले पर सरकार के रवैये को लेकर सवाल खड़े करने शुरू कर दिए हैं। कांग्रेस का मानना है कि भाजपा जब भी सत्ता में आई है, अपने कार्यकर्ताओं को उसने नजरअंदाज किया है और लंबे समय तक दायित्व देने से बचने की कोशिश की है। कांग्रेस इस मामले में भाजपा पर आरोप लगाकर घेराबंदी की कोशिश कर रही है। लेकिन भाजपा के नेताओं का कहना है कि इस मामले में पार्टी कसरत कर चुकी है। प्रदेश प्रभारी की तरफ से सूची भी तैयार हो चुकी है और यह सूची अब मुख्यमंत्री धामी के पास है। जिसे मुख्यमंत्री की अंतिम मंजूरी मिलना बाकी है।