देहरादून: भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सरकार के मंत्रियों और विधायकों के आवास पहुंचे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी से भी शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। पार्टी कार्यालय में मीडियाकर्मियों से बातचीत में भट्ट ने कहा कि वह जल्द ही जिलों का दौरा करेंगे और सबकी सहमति से टीम बनाएंगे। भट्ट ने कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल और सौरभ बहुगुणा से भी शिष्टाचार भेंट की।
इन मुलाकातों के बाद सियासी गलियारों में चर्चाएं शुरू होने लगी है। माना जा रहा है, भट्ट ने संकेत दिए कि वह आने वाले दिनों में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर कार्यकारिणी विस्तार के बारे में विचार करेंगे। संगठन में नेतृत्व परिवर्तन के बाद यह संभावना जताई जा रही है कि भाजपा के नए कप्तान अपनी टीम में कुछ नए चेहरे शामिल करेंगे। आने वाले दिनों में पार्टी के कुछ पदाधिकारियों को सरकार में दायित्व मिलने की चर्चा है। ऐसे में उनके स्थान पर नए चेहरे संगठन में जगह बनाएंगे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट हरिद्वार जिले से अपने दौरे की शुरुआत करेंगे। वह रायवाला में पांच अगस्त से शुरू हो रहे युवा मोर्चा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होंगे। इसके बाद वह राज्य के अन्य जिलों में सिलसिलेवार जाएंगे और जिलाध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को लेकर राज्य के लोगों में जबर्दस्त उत्साह है। उन्होंने भी लोगों से तिरंगा का डीपी लगाने की अपील की थी। उनकी अपील पर 4800 लोग अपनी डीपी बदल चुके हैं।