उत्‍तराखंड में मंत्रीमंडल फेरबदल की बढ़ीं अटकलें, दिल्ली में अमित शाह से मिले CM धामी

Share

Uttarakhand BJP: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार देर रात्रि नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भेंट की। अपने दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने गृह मंत्री से उनके आवास पर भेंट कर उन्हें राज्य से जुड़े सम सामयिक विषयों की जानकारी दी। विशेषज्ञ समिति द्वारा समान नागरिक संहिता के ड्राफ्ट पर कार्य पूर्ण करने को लेकर मुख्यमंत्री ने उन्हें विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सरकार को रिपोर्ट प्राप्त होते ही समान नागरिक संहिता को कानूनी रूप देकर राज्य में लागू कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री की केंद्रीय गृह मंत्री से भेंट को राज्य मंत्रिमंडल में फेरबदल या विस्तार से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

माना जा रहा है कि UCC को लागू करने और कैबिनेट विस्तार को लेकर सीएम धामी ने गृह मंत्री से चर्चा की है। ये मुलाकात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर हुई। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच प्रदेश के कई मामलों को लेकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी मुलाकात की और राज्य से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की। सीएम धामी ने केंद्रीय मंत्री से सौंग बांध पेयजल परियोजना के लिए भारत सरकार से विशेष सहायता के तहत 1774 करोड़ की धनराशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय वित्त मंत्री से उत्तराखंड की विशेष परिस्थितियों एवं सीमित वित्तीय संसाधनों के दृष्टिगत बाह्य सहायतित परियोजनाओं की ऋण राशि पर लगाई गई सीमा को हटाने का भी अनुरोध किया।