Nanda Gaura Yojana: हरिद्वार में 193 लोगों के खिलाफ केस दर्ज, मंत्री के आदेश पर हुई कार्रवाई

Spread the love

Haridwar News: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के एक्शन के बाद नंदा गौरा योजना में हुए फर्जीवाड़े पर बड़ी कार्रवाई शुरू हो गई है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग ने 193 लोगों के खिलाफ शिकायत दी है। जिसके बाद अपात्र लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने ये कार्रवाई विभागीय मंत्री रेखा आर्य के निर्देश के बाद की। मंत्री रेखा आर्य ने हाल ही में मामले की जांच कर अपात्र लाभार्थियों और दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए थे। उन्होंने कहा था कि योजना का लाभ लेने वाली सभी बालिकाओं के प्रमाण पत्रों की भी जांच की जाए, ताकि कोई अपात्र पात्र बालिका का हक छीनकर योजना का लाभ न ले सके।

बता दें कि नंदा गौरा देवी कन्या धन योजना के तहत बेटी के जन्म और इंटर पास करने वाली बेटियों को प्रोत्साहन राशि दी जाती है। चालू वित्तीय वर्ष 2022-23 में नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म के लिए सहायता राशि पाने के लिए आवेदन जमा कराए गए थे। जिसमें 70 आवेदनों में आय प्रमाण पत्र फर्जी निकले थे। जबकि, इंटर पास के आवेदनों में से 123 आय प्रमाण पत्र फर्जी मिले ‌थे. ऐसे में 193 आय प्रमाण पत्र फर्जी मिले थे। वहीं, डीएम विनय शंकर पांडे ने आवेदन करने वालों पर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए थे। जबकि, तीन दिन पहले महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने भी इस मामले में कठोर कार्रवाई को कहा था। अब सिडकुल थाना पुलिस ने जिला कार्यक्रम अधिकारी सुलेखा सहगल की तहरीर पर पुलिस ने 193 आवेदकों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।