देहरादून में बिल्डर सुधीर विंडलास के ठिकानों पर सीबीआई की ताबड़तोड़ छापेमारी

Spread the love

उत्तराखंड के बड़े बिल्डर सुधीर विंडलास के ठिकानों पर सीबीआई ने छापेमारी की है। बुधवार सुबह से सीबीआई विंडलास रिवर वैली जैसी हाउसिंग सोसाइटीज बना रहे सुधीर विंडलास के ठिकानों पर ये छापेमारी कर रही है। बताया जा रहा है कि सीबीआई की चार टीमें विंडलास कर घर और कारोबारी ठिकानों पर सर्च अभियान छेड़े हुए हैं। हालांकि अभी केंद्रीय जांच एजेंसी की तरफ से किसी तरह का आधिकारिक प्रेस बयान सामने नहीं आया है लेकिन बताया जा रहा है कि सीबीआई के हाथ कुछ अहम तथ्य लगे हैं। ज्ञात हो कि बीजेपी और आरएसएस में अपने बड़े रसूख का दम भरने वाले सुधीर विंडलास की एक ताकतवर राज्यपाल से गहरी दोस्ती बताई जाती है।

ये अलग बात है कि वे ताकतवर राज्यपाल अभी तक सुधीर विंडलास को धामी राज में कोई राहत दिला पाने में नाकाम रहे हैं। विंडलास पर देहरादून पुलिस द्वारा करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज किए गए थे। सुधीर विंडलास पर इन मुकदमों में आरोप लगे हैं कि उन्होंने दस्तावेजों में फेरबदल,धांधली और धोखाधड़ी कर करोड़ों की सरकारी और निजी जमीनों पर कब्जा कर लिया है। राजपुर थाने में विंडलास के खिलाफ धारा 420,466,467,468,471 और 120 बी IPC के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पिछले दिनों धामी सरकार ने सुधीर विंडलास से जुड़े मुकदमे सीबीआई को ट्रांसफर करने की सिफारिश कर दी थी जिसके बाद अब केंद्रीय एजेंसी का एक्शन शुरू हो गया है।