जोशीमठ के बाद कर्णप्रयाग में भी भू धंसाव, DM ने प्रभावितों को शिफ्ट करने के साथ ही ये दिए निर्देश

Spread the love

Karnaprayag Sinking: जोशीमठ के बाद कर्णप्रयाग में भी हो रहे भू-धंसाव की वजहों से घरों में दरारें आ रही है। जिसकी वजह से यहां के लोग दहशत में हैं। चमोली जिले के जोशीमठ में भू धंसाव और दरारों को लेकर सरकार की पुर्नवास और विस्थापन की नीति के बीच अब मिशन कर्णप्रयाग भी शुरू हो गया है। कर्णप्रयाग के बहुगुणा नगर, सुभाष नगर और अपर बाजार में आई दरारें और धंसाव को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। इसके लिए राज्य सरकार के निर्देश पर प्रशासन एक्टिव हो गया है। चमोली के जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने नगर पालिका कर्णप्रयाग के बहुगुणा नगर, सुभाष नगर और अपर बाजार में भूधंसाव से प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया और प्रभावित लोगों से मिले।

इस दौरान डीएम बहुगुणानगर में मकानों की दीवारों पर पड़ी मोटी दरारें देखकर दंग रह गए।उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या वे इन्हीं मकानों में रह रहे हैं। इस पर लोगों ने डीएम को रुंधे गले से अपनी व्यथा बताई और भू-धंसाव से सुरक्षा के इंतजाम करने की गुहार लगाई। इस पर डीएम ने प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने, क्रकोमीटर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही जो व्यक्ति किराए के मकान में रहना चाहते हैं, उन लोगों को 6 महीने तक किराया भी दिया जाएगा। प्रशासन ने प्रभावितों को रेन बसेरों में शिफ्ट करने को लेकर नोटिस जारी किया है। ताकि किसी तरह की यहां पर कोई जनहानि न हो। बता दें कि चारधाम यात्रा में बद्रीनाथ धाम का मुख्य पड़ाव जोशीमठ और कर्णप्रयाग शामिल हैं। ऐसे में सरकार को यात्रा से पहले यहां रह रहे लोगों की समस्या का समाधान करना है।