Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड में वर्षा का क्रम जारी है। प्रदेश के कई ज्यादातर जिलों में आज भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार समेत करीब आठ जिलों में भारी वर्षा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। जून माह से मानसून शुरू होने के बाद से ही प्रदेश में मानसूनी वर्षा का क्रम बना हुआ है। आज देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, चमोली, नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर व बागेश्वर में भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग की तरफ से अतिवृष्टि को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी तीव्र बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार सात अगस्त तक प्रदेशभर में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने कहा, पांच अगस्त के बाद पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
वहीं उत्तरकाशी समेत गंगोत्री यमुनोत्री व सभी तहसील क्षेत्रों में वर्षा हो रही है। फिलहाल गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारू है। जनपद में 20 संपर्क मार्ग अभी बाधित हैं, जिसके कारण करीब 40 से अधिक गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय और तहसील मुख्यालय से कटा हुआ है। वहीं अगर गुरुवार की बात करें तो दून में सुबह से चटख धूप खिलने के बाद शाम को मौसम ने अचानक करवट बदली और शहर के ज्यादातर क्षेत्रों में झमाझम वर्षा हुई, जिससे उमस व गर्मी से फौरी राहत मिली। गुरुवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम विभाग ने भारी वर्षा को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया था। हालांकि, दिनभर अधिकतर क्षेत्रों में धूप खिली हुई थी।