मुख्यमंत्री धामी ने किया रानीबाग पुल का उद्घाटन, कहा- यात्रियों को मिलेगी राहत, जाम से मिलेगा छुटकारा

Share

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रानीबाग स्थित टू-लेन पुल का उद्घाटन किया। इसके बाद अब पुल सार्वजनिक वाहनों के लिए खोल दिया गया है। इस पुल के शुभारंभ के साथ ही मार्ग पर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। क्षेत्र में लगने वाले जाम की समस्या का भी समाधान हो सकेगा। इस दौरान केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, नैनीताल जिले की प्रभारी मंत्री रेखा आर्य, भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा कार्यक्रम में मौजूद रहे। 7 करोड़ 17 लाख की लागत से बने टू लेन पुल के बन जाने से अब अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत और नैनीताल के पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले लोगों को काफी आसानी होगी।

यह पुल 22 महीने में बनकर तैयार हुआ है जबकि इसे 18 महीने में तैयार किया जाना था। पुल का निर्माण कार्य पूरा हुए करीब एक माह का समय हो चुका है, लेकिन अब तक वीआईपी के इंतजार में पुल का लोकार्पण नहीं हो सका था जिसके चलते क्षेत्र से जाने वाले वाहनों को जाम का सामना करना पड़ रहा था। गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पुल का शुभारंभ करने के बाद जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस ब्रिज को बनने से पूर्व में लगने वाला जाम खत्म हो जाएगा और आवागमन आसान हो जाएगा। यह पर्यटन की सुविधा और सामाजिक-आर्थिक उत्थान लाएगा।