CM Haldwani tour: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आज एक दिवसीय हल्द्वानी दौरें पर पहुंचे। पुष्कर सिंह धामी के काफिले को काले झंडे दिखाकर विरोध करने वाले गौला संघर्ष समिति और यूथ कांग्रेस के कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आंवला गेट के पास सीवरेज ट्रीटमेंट/लीगेसी वेस्ट प्लांट का उद्घाटन सीएम को करना था। इस दौरान युवा कांग्रेस नेता हेमन्त साहू को काले झंडे दिखाकर विरोध करने के चलते गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रदर्शनकारी अंकिता हत्याकांड और पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे। इस दौरान प्रदर्शनकरियों की पुलिस से झड़प भी हो गई।
इस दौरान भारी पुलिस फोर्स मौजूद रही। रोके जाने पर कांग्रेसियों और पुलिस फोर्स के बीच में जमकर नोकझोंक हुई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस कांग्रेसियों को हिरासत में लेते हुए थाने ले गई। युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत साहू ने कहा कि जिस तरह से प्रदेश में भ्रष्टाचार, महंगाई से आम जनता त्रस्त है, इसके अलावा युवाओं के साथ लगातार धोखा हो रहा है और रोजाना प्रदेश में भर्ती घोटाले सामने आ रहे हैं, ऐसे में मुख्यमंत्री को कुर्सी पर बैठने का कोई अधिकार नहीं है। नैतिकता के आधार पर मुख्यमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।