मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना का हुआ शुभारंभ, CM धामी ने की ये घोषणाएं…

Share

National Sports Day 2022: राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने देहरादून में मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत योजना के तहत प्रदेश से 3900 छात्रों का चयन हुआ है। इन्हें प्रति माह 1500 रुपये छात्रवृत्ति मिलेगी। राज्य में खेलों और खिलाड़ियों की नई पौध को उन्नति के शिखर पर ले जाने के लिए राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना का उद्घाटन किया गया। देहरादून के पुलिस लाइन मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस योजना की शुरुआत की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में मलखम्ब खेल की प्रस्तुति पर खुशी जताई। उन्होंने मंच से घोषणा की कि मलखम्ब खेल को राज्य खेल पॉलिसी में शामिल किया जाएगा। जिससे प्रदेश व देश में मलखम्ब को उसकी पहचान मिल सके। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री खेल विकास निधि के स्थापना की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने खेल विभाग में कॉन्ट्रैक्ट आधार पर प्रशिक्षण दे रहे प्रशिक्षकों को स्पोर्ट्स ऑथोरिटी ऑफ इंडिया के अनुसार मानदेय देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने पूर्व की भांति खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी में चार प्रतिशत आरक्षण देने की मजबूत पैरवी करने की बात कही।

उन्होंने कहा मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के अंतर्गत 8 से 14 वर्ष तक के उभरते हुए, खिलाड़ियों को उनकी शारीरिक दक्षता के अनुसार 1500 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। धामी ने कहा प्रदेश सरकार सरलीकरण, समाधान और निस्तारण के मूल मंत्र पर कार्य कर रही है। हमारा प्रयास है कि किसी कार्य के लिए आमजन को परेशानी ना हो। इसके लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। उत्तराखंड के उभरते खिलाड़ियों के लिए यह योजना एक तरह से वरदान साबित होगी। 1500 रुपये की प्रोत्साहन राशि से बच्चे अपने लिए खान-पान, खेल किट आदि की व्यवस्था भी कर पाएंगे।