सीएम धामी ने जागेश्वर धाम में श्रावणी मेले का किया शुभारंभ, ₹12.35 करोड़ विकास योजनाओं का किया शिलान्यास

Spread the love

अल्मोड़ा: आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जागेश्वर धाम पहुंचकर प्रसिद्ध श्रावणी मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाबा जागेश्वर धाम में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री धामी ने हरेला पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई दी एवं जागेश्वर धाम परिसर में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर उन्होंने विधानसभा जागेश्वर में कुल ₹12.35 करोड़ लागत की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मानस मंदिर माला योजना के अंतर्गत जागेश्वर धाम का भी विकास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि धार्मिक पर्यटन उत्तराखंड की आर्थिकी की रीढ़ है. ऐसे में मानसखंड मंदिर माला मिशन से प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को गति मिलेगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर खुलेंगे। उन्होंने कहा कि टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन का ब्रॉडगेज सर्वे शुरू हो गया। प्रधानमंत्री के आठ साल के कार्यकाल में कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। जिसका लाभ भारत की गरीब जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बहुप्रतिक्षित अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज का निर्माण शुरू हो गया है। इसके लिए धनराशि भी जारी हो चुकी है। सीएम ने कहा कि चुनाव से पहले जो हमने संकल्प पत्र जनता के बीच रखा था। उसके अनुरूप भारत सरकार ने मानसखंड मंदिर माला मिशन की शुरूआत की है. जिसके तहत सभी पौराणिक मंदिरों के पुनरुद्धार के लिए कार्य योजना तैयार की गई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर गतिमान है तथा राज्य स्थापना के 25वें वर्ष में देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में अपनी पहचान बनाएगा। केन्द्र सरकार के स्तर पर पिछले 5 वर्षों में राज्य के लिए ₹1.25 लाख करोड़ की योजनाएं स्वीकृत हुई हैं। प्रदेश में नई शिक्षा नीति के लागू होने से प्रदेश की शिक्षा प्रणाली में व्यापक सुधारवादी परिवर्तन देखने को मिलेंगे। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक मोहन सिंह मेहरा, सुरेश गडिया, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, जिलाधिकारी सुश्री वंदना सहित अन्य सम्मानित जन उपस्थित रहे।