सीएम धामी ने नई दिल्ली में निर्माणाधीन भवन ‘उत्तराखण्ड निवास’ का किया निरीक्षण

Spread the love

नई दिल्ली: आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में निर्माणाधीन भवन ‘उत्तराखण्ड निवास’ का निरीक्षण किया एवं भवन के सभी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समय सीमा में पूरा करना सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री धामी ने कार्यदाई संस्था को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माणाधीन “उत्तराखण्ड निवास” में कार्य की सुगमता के दृष्टिकोण से उत्तराखण्ड स्थानिक आयुक्त कार्यालय व उत्तराखण्ड राज्य सूचना केंद्र को उक्त भवन में स्थापित किए जाने के संबंध में विचार किया जाए।

बता दे, उत्तराखंड निवास के निर्माण का काम जून 2020 से शुरू किया गया, इस भवन में तीन बेसमेन्ट होंगे। भवन में भूतल को शामिल करते हुए कुल सात तल बनाए जाएंगे। भवन उत्तराखण्ड वास्तुकला शैली में बनाया जा रहा है। यह पांच सितारा ग्रीन भवन है। इसका अपना सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट होगा। भवन में 50 किलो वाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट भी लगाया जाएगा। इस भवन के सोवनियर शॉप में उत्तराखंड के स्वनिर्मित हथकरघा एवं हस्तशिल्प, जैविक उत्पादो की बिक्री की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। जिससे उत्तराखंड निवास में आने वाले अतिथि उत्त्तराखंड के विभिन्न उत्पादों से परिचित हो सकेंगे।

इस अवसर पर सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम, निदेशक सतर्कता अमित सिन्हा, अपर स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा व उत्तराखण्ड पेयजल निगम के सहायक अभियन्ता अरविन्द सैनी उपस्थित रहे।