हरिद्वार मनसा देवी मंदिर भगदड़ हादसे के घायलों से मिले CM धामी, हर संभव मदद का दिया भरोसा

Share

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हरिद्वार जिला चिकित्सालय में मनसा देवी पैदल मार्ग पर हुई भगदड़ में घायल हुए लोगों का हालचाल जाना। इस दौरान मुख्यमंत्री से मनसा देवी ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने वार्ता की। मनसा देवी ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि इस दुखद घटना में मृतकों के परिजनों के दो-दो लाख रुपए तथा घायलों को पचास-पचास हज़ार रुपए मनसा देवी ट्रस्ट द्वारा भी प्रदान किए जाएंगे। मृतक के परिजनों और घायलों को उनके घर तक ले जाने के लिए ट्रस्ट द्वारा वाहन की व्यवस्था की जाएगी। हरिद्वार जनपद में मनसा देवी मंदिर के पैदल मार्ग में आज रविवार सुबह करीब नौ बजे भगदड़ के कारण दर्दनाक घटना घटित हुई। इस हृदयविदारक हादसे में अब तक 06 श्रद्धालुओं की मृत्यु की पुष्टि हुई है, जबकि 28 अन्य श्रद्धालु घायल हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए तथा घायलों को पचास-पचास हजार रुपए की राहत राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी हरिद्वार को निर्देशित किया कि वे सभी पीड़ितों एवं उनके परिजनों को तत्काल राहत और सहायता प्रदान करें। इसके साथ ही उन्होंने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश भी दिए। उन्होंने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन को निर्देश दिए कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं यात्रा मार्गों की व्यवस्था की गहन समीक्षा की जाए। विनोद कुमार सुमन ने बताया कि इस घटना में घायल हुए श्रद्धालुओं को शीघ्र चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई है। 05 गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को तत्काल एम्स, ऋषिकेश रेफर किया गया है। शेष 23 घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय, हरिद्वार में चल रहा है।