सीएम धामी नई दिल्ली प्रवास पर, केंद्रीय नेतृत्व के सामने रखेंगे अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड

Share

देहरादून: मुख्यमंत्री धामी शनिवार से नई दिल्ली के प्रवास पर हैं। नई दिल्ली स्थित भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में भाजपा शासित मुख्यमंत्रियों व उप मुख्यमंत्रियों का सम्मेलन रखा गया है। इस सम्मेलन को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा संबोधित करेंगे और भाजपा सरकारों की प्रगति की जानकारी लेंगे। सीएम धामी भी केंद्रीय नेतृत्व के सामने अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड रखेंगे और विकास का भावी एजेंडा साझा करेंगे।

प्रवास पर जाने से पूर्व उन्होंने शासन के अधिकारियों से अपनी सरकार के अब तक कार्यकाल में लिए गए फैसलों, कार्रवाइयों और प्रस्तावों की जानकारी ली। उन्होंने सभी प्रशासनिक सचिवों से उनके विभागों से संबंधित ब्योरा लिया। ये ब्योरा केंद्रीय नेतृत्व को भी भेजा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्रियों को दिशा-निर्देश दिए थे। केंद्र सरकार की लोक कल्याण से संबंधित 13 कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा भी होगी।

आजादी के अमृत महोत्सव के तहत अमृत सरोवर कार्यक्रमों के संबंध में भी प्रगति का आंकलन किया जाएगा। चुनाव में घोषणा के अनुसार उन्होंने राज्य में समान नागरिक संहिता को लेकर कमेटी का गठन कर दिया है और कमेटी की दो अहम बैठकें भी हो चुकी हैं। इसके अलावा अंतोदय परिवारों के लिए साल में तीन रसोई गैस के सिलेंडर मुफ्त देने का फैसला लागू कर चुकी है। शौर्य पुरुस्कारों की राशि में भी बढ़ोतरी की गई है। वह राज्य में जन सुविधाओं से जुड़े कायदे-कानूनों के सरलीकरण के बारे में भी जानकारी देंगे।