देहरादून: ख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हरेला पर्व के मौके पर स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून के निकट वन विभाग द्वारा आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को पर्यावरण संरक्षण को संस्कृति से जोड़ने वाले पारंपरिक लोक पर्व हरेला की शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेला पर्व के तहत एक माह तक पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक जिलों में नदियों, जल स्रोतों एवं गदेरों के पुनर्जीवन एवं संरक्षण की थीम पर कार्य किए जाएंगे। उत्तराखण्ड जैव विविधताओं वाला राज्य है, यहां का प्राकृतिक सौन्दर्य पर्यटकों को आकर्षित करता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हरेला पर्व के तहत एक माह तक वृक्षारोपण अभियान चलाया जायेगा उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में निरंतर प्रयासों की जरूरत है। प्रत्येक जनपद में जल स्रोतों एवं गदेरों के पुनर्जीवन एवं संरक्षण के लिए कार्य किए जायेंगे। नदियों के संरक्षण एवं नदियों के पुनर्जीवन थीम पर इस वर्ष हरेला पर्व मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास एवं पर्यावरण में संतुलन होना जरूरी है। आने वाली पीढ़ी को शुद्ध पर्यावरण मिले, इसके लिए पर्यावरण संरक्षण सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने हरेला पर्व की बधाई देते हुए इस पर्व को सांस्कृतिक धरोहर बताया है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण एवं प्रकृति के संरक्षण से ही हम शुद्ध हवा, शुद्ध जल एवं अन्य प्राकृतिक लाभ ले सकते हैं। एक जागरूक नागरिक के तौर पर हमने अपने भविष्य को संवारना होगा एवं पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देना होगा। पौधों के संरक्षण एवं प्रकृति की स्वच्छता का कार्य प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काउ, मेयर सुनील उनियाल गामा, प्रमुख सचिव वन आर. के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक विनोद कुमार सिंघल, गढ़वाल कमिश्नर सुशील कुमार, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आर. राजेश कुमार एवं वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।