भगतसिंह कोश्यारी के जन्मदिन पर सीएम धामी ने पुस्तक ‘द लीजेंड ऑफ कोश्यारी भगत दा’ का किया विमोचन

Share

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महाराष्ट्र के राज्यपाल व उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी के जन्मदिवस पर उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर आधारित पुस्तक ‘द लीजेंड आफ कोश्यारी भगत दा’ का विमोचन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल कोश्यारी ने सामान्य परिवेश में रहकर शिखर छूने का कार्य किया है और अपने पुरुषार्थ से महानता प्राप्त की है। मुख्यमंत्री ने पुस्तक के लेखक एवं प्रकाशकों को भगत सिंह कोश्यारी के जन्मदिन के अवसर पर पुस्तक का लोकार्पण के लिए बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके सानिध्य में आगे बढ़ने का मौका मिला है, उनके व्यक्तित्व का हर पहलू प्रेरणादायी है। वे सहजता की प्रतिमूर्ति हैं। वे व्यक्ति के साथ मिशन हैं। वे राष्ट्रीय स्वाभिमान एवं गौरव के भी प्रतीक हैं। अपने जीवन की शुरुआत में ही उन्होंने एक राजनेता के साथ ही कुशल शिक्षक के रूप में समाज को दिशा देने का कार्य किया। ऐसे सरल व्यक्तित्व की देश के प्रमुख राज्य महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में उपस्थिति सबको गौरवान्वित करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें स्वयं भगत सिंह कोश्यारी के सानिध्य में रहकर सामाजिक व राजनीतिक क्षेत्र में कार्य करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड में 30 वर्षों से लम्बित टिहरी डैम को उसके पूर्ण स्वरूप में लाने का श्रेय भी कोश्यारी को है। प्रदेश में ऊर्जा मंत्री रहते उन्होंने इसके लिये राजनैतिक नफा नुकसान की चिंता न करते हुए बांध बनाने में अपना योगदान दिया। कोश्यारी सभी नीतिगत विषयों के जानकार, दृढ़ निश्चय वाले व्यक्ति् रहे हैं। उन्होंने सीख दी कि पूरे प्रदेश को समझने, जन समस्याओं की जानने का प्रयास करो, वक्त आने पर व्यक्ति के अच्छे कार्यों को पहचान मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सबको साथ लेकर चलना, छोटे-बड़े का भेदभाव न कर सभी को आगे बढ़ाने में मदद करने की भी सीख हमें कोश्यारी से मिली है। उनका जीवन हम सबके लिये निश्चित रूप में अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी है।