देहरादून: उत्तराखंड पुलिस विभाग ने लंबे समय से चली आ रही 4600 ग्रेड-पे की मांग का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल निकाल लिया है। ऐसे में अब पुलिस विभाग में एडिशनल एसआई का नया रैंक सृजित करते हुए 1750 नए पद स्वीकृत करने के आदेश भी जारी कर दिये गए हैं। जानकारी के मुताबिक, पुलिस विभाग में कॉन्स्टेबलों के 17,500 पद हैं और हेड कॉन्स्टेबलों के 3440 पद हैं और एडिशनल एसआई का एक भी पद नहीं है। लिहाजा, पुलिस जवानों को समय से प्रोन्नति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर हेड कॉन्स्टेबलों रैंक के 1750 नए पद सृजित किए जांएगे।
वहीं उनके द्वारा एडिशनल एसआइ का नया रैंक सृजित करते हुए 1750 नए पद स्वीकृत करने के आदेश भी जारी किए हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उनका ग्रेड पे 4200 होगा। मुख्यमंत्री ने कहा है कि उन्हें पूरा विश्वास है कि इससे जवानों को प्रोन्नति के ज्यादा अवसर प्राप्त होंगे। बीते 21 अक्टूबर 2021 को पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साल 2001 में भर्ती पुलिस कर्मियों को 4600 ग्रेड पे देने की घोषणा की थी। इसके बाद विधानसभा चुनाव के चलते मामला ठंडे बस्ते में चला गया।
बता दें कि 4600 ग्रेड के मामले में दो माह पहले पुलिसकर्मियों के स्वजन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले थे और ग्रेड पे जारी करने की मांग की थी। इस दौरान सीएम ने जल्द शासनादेश जारी करने का आश्वासन दिया है। तब पुलिसकर्मियों के स्वजनों ने कहा था कि यदि इस पर फैसला नहीं लिया गया तो वह आगे कोई कदम उठा सकते हैं।