मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पौड़ी जिले के दौरे का आज दूसरा दिन है। प्रेमनगर कस्बे में स्थित रावत गांव में मेजर (सेनि) गोर्की चंदोला द्वारा होम स्टे को बनाया गया है। इस होम स्टे में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक रात रुके। सोमवार को तड़के वह भ्रमण पर निकले उन्होंने यहां शांत वादियों में योग और ध्यान किया। इसके बाद यहां लोगों से मुलाकात के दौरान समस्याएं सुनने के साथ ही विकास को लेकर लोगों से सुझाव भी लिए। यहां पौधरोपण कर सीएम ने गांव के लोगों से मुलाकात कर उनका हाल चाल जाना। साथ ही गांव के विकास से संबंधित लोगों की राय ली।
इस दौरान गांव में मौजूद पूर्व सैनिकों ने अपने अनुभवों को मुख्यमंत्री से साझा किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गांव में ही हमारे राज्य की आत्मा बसी है। ग्राम सभाओं के विकास से ही देश का विकास संभव है। हमारे गांव पुरातन संस्कृति के धरोहर हैं, इन्हें जीवित रखना हमारा कर्तव्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार एकरूपता से प्रदेश की जनता के लिए कार्य कर रही है। पूर्व सैनिकों ने शहीदों की वीरांगनाओं के लिए सिलाई, कढ़ाई, बुनाई जैसे प्रशिक्षण कार्यक्रम को पुनः प्रारंभ करवाने तथा पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्राम पंचायत को और अधिक सशक्त बनाने के लिए सुझाव दिए।