Dehradun robbery: रिलायंस ज्वेलरी शोरूम में 20 करोड़ की लूट पर CM धामी सख्त, DGP को किया तलब

Spread the love

राजधानी देहरादून के नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत शहर के बीचों बीच सचिवालय और पुलिस मुख्यालय के पास राजपुर रोड पर स्थित Dehradun jewelery showroom robbery रिलायंस गोल्ड शोरूम में 20 करोड़ से अधिक की डकैती मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह को तलब किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वारदात में जिन भी लोगों एवं गिरोह का हाथ है, उन्हें जल्द से जल्द पकड़ कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए। कानून व्यवस्था में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हमारा प्रदेश एक शांतिप्रिय प्रदेश है और कानून व्यवस्था की स्थिति को यहां किसी भी दशा में बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस बात की भी तह तक जाना चाहिए कि राज्य स्थापना दिवस और उस पर देहरादून में वीवीआईपी मूवमेंट के कारण कड़े सुरक्षा घेरे के बावजूद घटना कैसे घटित हुई? कहां कमी रह गई? भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो यह भी सुनिश्चित किया जाए। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को दिल्ली के लिए विदा करने एयरपोर्ट पर पहुंचे थे। उन्होंने वहीं पर पुलिस के दोनों अधिकारियों के साथ डकैती की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने चिंता जाहिर की कि शांतप्रिय माने जाने वाले उत्तराखंड में इस तरह की घटना कानून व्यवस्था के लिए एक चुनौती है। उन्होंने दोनों अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ऐसे उपाय करें ताकि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने का कोई सोच भी न सके।